वैशाली में साली की शादी में आए जीजा की करंट लगने से मौत, मचा कोहराम

वैशाली। पातेपुर थाना क्षेत्र के मालपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार बहोरी महुआ निवासी रमेश चौधरी के पुत्र राजेश चौधरी अपने ससुराल मालपुर आए हुए थे। यहां उनके ससुर मनोज चौधरी के घर उनकी साली की शादी समारोह चल रहा था। शादी को लेकर काफी चहल-पहल और तैयारियां चल रही थीं।बताया गया है कि रविवार दोपहर में घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इसी दौरान किसी कार्य से वहां पहुंचे राजेश चौधरी करंट की चपेट में आ गए। करंट से वह जमीन पर गिर पड़े। लोगों ने आनन-फानन में उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।घटना से शादी वाले घर की खुशियां पल भर में चीख-पुकार में बदल गईं। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।बताया गया है कि राजेश चौधरी की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। वह अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल आए हुए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि खुशी का यह अवसर इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।घटना की सूचना मिलते ही पातेपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

RO No. 13467/11