
ढाका। बांग्लादेश के शरियतपुर जिले में नए साल की पूर्व संध्या पर एक हिंदू व्यापारी पर जानलेवा हमला किया गया। 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास पर हमलावरों ने धारदार हथियारों से वार किया, फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से घायल खोकन ने पास के तालाब में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। वे फिलहाल ढाका के अस्पताल में जीवन-मृत्यु से जूझ रहे हैं।
यह घटना 31 दिसंबर की रात करीब 9:30 बजे दामुद्या उपजिले के कोनेश्वर यूनियन में केउरभंगा बाजार के पास हुई। खोकन चंद्र दास दवा की दुकान और मोबाइल बैंकिंग का कारोबार चलाते हैं। दुकान बंद करके घर लौटते समय हमलावरों ने उन्हें घेर लिया, बुरी तरह पीटा और चाकू से गोद दिया। इसके बाद सिर व चेहरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।



















