यूपी में आज कांशीराम की जंयती पर ताकत दिखाएगी BSP, लखनऊ और नोएडा में जुटेंगे पदाधिकारी और कार्यकर्ता

लखनऊ। विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बसपा रविवार को पार्टी संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती पर शक्ति प्रदर्शन करेगी। 12 मंडलों के कार्यकर्ता लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल में एकत्र होंगे। वहीं छह मंडलों के कार्यकर्ता नोएडा स्थित स्मारक स्थल में एकजुटता दिखाएंगे।

पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती लखनऊ के माल एवेन्यू स्थित अपने आवास पर जयंती मनाएंगीं। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद राजस्थान के भरतपुर में होने वाले कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

बसपा ने पिछले साल अक्टूबर में पार्टी के संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर प्रदेश स्तरीय आयोजन किया था। इसमें बसपा सुप्रीमो खुद मौजूद थीं। अब बसपा प्रमुख ने कांशीराम जयंती लखनऊ व नोएडा में धूमधाम से मनाने के निर्देश दिए हैं।

आयोजनों में भारी भीड़ जुटाने के लिए ‘लखनऊ चलो’ का आह्वान किया गया है। मंडलों के पार्टी पदाधिकारियों ने बस व अन्य छोटी गाड़ियों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को आयोजन में लाने की व्यवस्था की है। रविवार को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में 12 मंडलों के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल उपस्थित रहेंगे।

RO No. 13467/11