
नई दिल्ली। बीते सप्ताह आई तेज गिरावट के बाद सोना-चांदी की कीमतों में रविवार को एक बार फिर जोरदार क्रैश देखने को मिला। बजट के दिन शेयर बाजार के साथ कमोडिटी मार्केट एमसीएक्स पर भी ट्रेडिंग जारी रही और ओपनिंग के साथ ही दोनों कीमती धातुएं धड़ाम हो गईं। बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में सबसे बड़ा झटका लगा। 1 किलो चांदी का भाव अचानक 27,000 रुपये तक टूट गया, जिससे निवेशकों में हडक़ंप मच गया। वहीं सोना भी इस गिरावट से अछूता नहीं रहा और सोने के दाम में 13,000 रुपये से ज्यादा की तेज गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय बजट 2026-27 से पहले रविवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में 9 प्रतिशत तक की गिरावट आई। इससे पहले बीते सप्ताह भी सोना-चांदी की कीमतों में भारी टूट देखने को मिली थी। एक ही दिन में चांदी करीब 30 फीसदी तक सस्ती हो गई थी, जबकि सोना लगभग 17 फीसदी फिसल गया था। जानकारों के मुताबिक, बजट से जुड़ी अनिश्चितता, वैश्विक संकेतों और मुनाफावसूली के दबाव के चलते कीमती धातुओं पर लगातार दबाव बना हुआ है।

















