
नेपाल: बैतडी जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां शादी की बारात ले जा रही एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य के लिए सुरक्षा बलों को तत्काल मौके पर भेजा गया। जिला पुलिस कार्यालय बैतडी के डीएसपी दीपक कुमार राय ने आईएएनएस को बताया कि यह हादसा गुरुवार रात करीब 8 बजे पुर्चौडी नगरपालिका क्षेत्र में हुआ। उन्होंने बताया कि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में से 16 लोगों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि शेष घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
डीएसपी राय ने बताया कि राहत की बात यह रही कि दूल्हा और दुल्हन इस हादसे में सुरक्षित रहे, क्योंकि वे बस की बजाय दूसरी गाड़ी से यात्रा कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है। बैतडी के जिलाधिकारी कृष्णा थापा ने बताया कि हादसे के समय बस में लगभग 60 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल सेना, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय लोगों की मदद से व्यापक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। खाई में गिरी बस से घायलों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
इस हादसे ने नेपाल में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, बीते कुछ वर्षों में सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने और दूरदराज क्षेत्रों तक सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, एक दशक पहले नेपाल में 4,999 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 में देशभर में 7,669 सड़क हादसे हुए, जिनमें 190 लोगों की मौत हुई। इनमें से 278 दुर्घटनाएं गंभीर श्रेणी की थीं।

























