
अकलतरा। ग्राम लटिया में मुख्य मार्ग पर स्थित जय घोड़ाधार मंदिर के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार वैन ने तीन बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में ग्राम पकरिया(लटिया) निवासी भागीरथी केवट और शुभम यादव, ग्राम कल्याणपुर निवासी सागर दास मानिकपुरी और कंचन दास महंत, तथा ग्राम कोटमीसोनार निवासी विनोद यादव शामिल हैं। इनके सिर, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
वैन क्रमांक सीजी 11 बीसी 6724 बिलासपुर से अकलतरा की ओर जा रही थी। वाहन की गति काफी तेज थी। रात करीब 8:30 बजे ग्राम लटिया के घोड़ाधार मंदिर के पास चालक ने वैन पर नियंत्रण खो दिया। इससे अकलतरा से लटिया की ओर सडक़ से गुजर रहे तीन दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जनपद सदस्य ईश्वर साहू ने बताया कि वैन चालक ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारने से बचाया, लेकिन कुछ दूरी पर नियंत्रण खोकर दोपहिया वाहन चालकों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद वैन चालक वाहन को घटनास्थल पर छोडक़र फरार हो गया।