निजी स्कूल की शिक्षिका ने छात्रा से मारपीट की, मामला दर्ज

जांजगीर। पामगढ़ के छत्तीसगढ़ ज्ञान ज्योति उच्च्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छटवी की एक नाबालिग छात्रा के साथ शिक्षिका द्वारा मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 20 जनवरी 26 की दोपहर की है। आरोप है कि छात्रा को स्कूल कार्यालय में बुलाकर शिक्षिका ने लकड़ी की छड़ी से उसके दोनों पैरों की पिंडलियों और हाथों की हथेलियों पर प्रहार किया। इसके साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई कि यदि उसने किसी को जानकारी दी तो परिणाम गंभीर होंगे। घटना से डरकर छात्रा घर लौटी और परिजनों को पूरी बात बताई। परिजन तुरंत थाना पामगढ़ पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 351 (2) और 116(2) के तहत शिक्षिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों में आक्रोश और चिंता बढ़ गई है। अभिभावक सवाल उठा रहे हैं कि जब शिक्षक ही अपनी शक्ति का गलत इस्तेमाल करने लगें तो स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उनका कहना है कि यह घटना शिक्षकों की जवाबदेही और विद्यालयों में शारीरिक दंड की प्रवृत्ति को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। अभिभावकों ने मांग की है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी शिक्षिका पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों पर रोक लग सके।

RO No. 13467/11