मणिपुर में फिर भड़की जातीय हिंसा: कुकी युवती से विवाह करने वाले मैतेयी युवक की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या

इंफाल। मणिपुर के चूड़चंदपुर जिले में कुकी उग्रवादियों ने मैतेयी समुदाय के एक युवक का अपहरण कर लिया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इससे अशांत मणिपुर में तनाव और बढ़ गया है। हत्या के विरोध में मैतेयी समुदाय के लोगों ने गुरुवार को काकचिंग जिले में प्रदर्शन किया।

इंफाल पूर्वी जिले के कुछ हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन हुआ

उन्होंने सड़कों पर टायर जलाए, वाहनों को रोका और धरना दिया। इंफाल पूर्वी जिले के कुछ हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन हुआ। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मयांगलांबम ऋषिकांत सिंह के रूप में हुई है। उसका विवाह कुकी आदिवासी समुदाय की युवती चिंगनु हाओकिप से हुआ था। विवाह के बाद उसने अपना नाम बदलकर गिनमिनथांग कर लिया था।

पुलिस ने बताया कि ऋषिकांत सिंह का बुधवार को उसके घर से अपहरण कर लिया गया और गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के पीछे यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी का हाथ होने का संदेह है। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने ऋषिकांत की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मामला एनआइए को सौंप दिया गया है। राज्यपाल ने कहा कि दोषियों को पकड़ने के लिए बुधवार रात से ही गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया है। राज्य और केंद्र सरकार की समन्वित अभियान चला रही है और युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है। कानून के अनुसार सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऋषिकांत अपनी पत्नी के साथ 19 जनवरी को नेपाल से चूड़चंदपुर लौटा था। कुछ स्थानीय समूहों ने उसे अपनी पत्नी के साथ रहने की अनुमति दी थी।

RO No. 13467/10