
नई दिल्ली। सीबीआई ने बुधवार को कहा कि वह पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को उन्नाव दुष्कर्म मामले में सुनाई गई आजीवन कारावास के निलंबन और जमानत दिए जाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। यह निर्णय 2017 के दुष्कर्म मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेशों का अध्ययन करने के बाद लिया गया है। इस बीच, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात के दौरान उन्हें अपनी तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
सीबीआइ के प्रवक्ता ने कहा कि हाई कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ जल्द-से-जल्द सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें सेंगर की आजीवन कारावास की सजा निलंबित करते हुए जमानत दी गई थी। हालांकि, हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद सेंगर जेल में ही रहेंगे, क्योंकि वह दुष्कर्म पीडि़ता के पिता की हिरासत में मृत्यु के मामले में भी 10 साल की सजा काट रहे हैं।

















