मिड्डे मिल में गड़बड़ी पकड़ी अध्यक्ष ने

रिगनी-खरौद। नगर पंचायत खरौद में छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा और सदस्य ज्योति किशन कश्यप ने मंगलवार को विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्य सुरक्षा, पूरक पोषण आहार, मध्याह्न भोजन, छात्रावास, आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय उचित मूल्य की दुकानों की कार्यप्रणाली और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण में कई जगहों पर लापरवाही सामने आई। लक्ष्मणेश्वर मंदिर के पास शासकीय उचित मूल्य की दुकान में अनियमितता पाए जाने पर अध्यक्ष ने विक्रेता को फटकार लगाई। इसके बाद टीम छात्रावास पहुंची, जहां अधीक्षक अनुपस्थित थे। इस पर भी नाराजगी जताई गई। टीम ने जय भैरव बाबा राशन दुकान और पास के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।
यहां रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर चेतावनी दी गई। अध्यक्ष और सदस्य ने शासकीय प्राथमिक शाला खरौद और माध्यमिक शाला शुकुलपारा का भी दौरा किया। यहां मध्याह्न भोजन योजना में भारी लापरवाही पाई गई। भोजन अस्वच्छ होने पर अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, छात्रावासों और आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण दल में सचिव राजेश जायसवाल, जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू और अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

RO No. 13467/10