कोरबा। भाजपा ने अपने पार्टी के कैबिनेट मंत्री को नोटिस जारी करते हुए 48 घण्टे के भीतर जवाब देने कहा है। मामला नगर पालिक निगम, कोरबा के सभापति चुनाव से जुड़ा है।
दरअसल छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने सभापति पद पर भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ते जीत हासिल करने वाले नूतन सिंह ठाकुर को बधाई दी थी। राज्य भाजपा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री देवांगन को नोटिस जारी किया है। यह कारण बताओ नोटिस प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी जगदीश राम रोहरा द्वारा जारी किया गया है।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने नूतन सिंह ठाकुर को कोरबा नगर निगम का सभापति चुने जाने पर बधाई दी और इसे बीजेपी की जीत बताया था। मंत्री देवांगन ने कहा था कि नूतन सिंह ठाकुर ने नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति चुनाव में विजय हासिल की है। इस जीत पर मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि हितानंद अग्रवाल पार्टी के घोषित प्रत्याशी थे, लेकिन सभी निर्वाचित पार्षदों ने एकजुट होकर सर्वसम्मति से नूतन सिंह ठाकुर की जीत सुनिश्चित की है। यह निर्णय सभी को मान्य है। उन्होंने कहा का कि निश्चित तौर पर अब नगर निगम में महापौर और सभापति दोनों पदों पर बीजेपी का कब्जा हो गया है, जिससे कोरबा के विकास को और गति मिलेगी। मंत्री देवांगन ने नवनिर्वाचित सभापति और महापौर को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि वे कोरबा के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगे और पार्टी का सहयोग हमेशा उनके साथ रहेगा।
सभापति चुनाव में यह हुआ था
यहां बताना होगा 8 मार्च को नगर पालिक निगम, कोरबा के सभापति का चुनाव आयोजित था। भाजपा ने 8 मार्च की ही सुबह हितानंद अग्रवाल को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन भाजपा के भीतर की लगभग पार्षद पार्टी के इस निर्णय के विरोध में खड़े हो गए थे। बाद में नूतन सिंह ठाकुर ने भी सभापति चुनाव का नामांकन दाखिल कर दिया और 33 मत प्राप्त कर चुनाव जीतने में सफलता प्राप्त की। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हितानंद को 18 और निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी अब्दुल रहमान को 16 मत मिले।
नूतन सिंह ठाकुर को पार्टी ने 6 साल के लिए निकाला
इसके पहले नगर पालिक निगम, कोरबा के सभापति निर्वाचित हुए नूतन सिंह ठाकुर को पार्टी से 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ नूतन सिंह ठाकुर ने चुनाव लड़ा। इसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को भेजा गया था। यह अनुशासनहीनता में आता है। इसलिए नूतन को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
हितानंद ने यह कहा
नूतन सिंह ठाकुर के 6 साल के लिए बीजेपी से निष्कासित किए जाने के मसले पर हितानंद अग्रवाल ने कहा कि, बीजेपी एक नियम के तहत चलती है। पार्टी संगठन के निर्देश पर ही कार्यकर्ता काम करते हैं। उन्होंने जो फैसला लिया है वो सही है। जिससे कोई इस तरह से बगावत न कर सके।