
नईदिल्ली 14 मार्च ।
राहुल गांधी ने कांशीराम की जयंती के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सामाजिक परिवर्तन दिवस समारोह में कुछ ऐसा बोला कि दिल्ली विश्वविद्यालय को बयान जारी करना पड़ा। राहुल गांधी ने डीयू पर आरोप लगाया कि इंटरव्यू के दौरान जाति को देखकर बच्चों को फेल किया जाता है। राहुल ने कहा, मैं दिल्ली यूनिवर्सिटी गया था। इंटरव्यू में बच्चों को निकालने का तरीका है। आपकी जाति क्या है भैया, आप इंटरव्यू में फेल। राहुल के इस बयान पर दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर उन्हें बयान देने से पहले फैक्ट चेक करने की सलाह दी है। यूनिवर्सिटी ने अपने पोस्ट में लिखा, दिल्ली यूनिवर्सिटी मुख्यत: छात्रों का एडमिशन सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के स्कोर के आधार पर करती है और अधिकतर ग्रैजुएट और अंडरग्रैजुएट कोर्स के लिए इंटरव्यू जरूरी नहीं है। डीयू ने आगे लिखा, अगर नेता विपक्ष शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की बात कर रहे थे तो हाल ही में हमने हर वर्ग के हजारों शिक्षकों की भर्ती की है। हम ऐसे बयान पर सख्त आपत्ति दर्ज कराते हैं क्योंकि ऐसे बयान यूनिवर्सिटी का माहौल खराब करते हैं। नेता विपक्ष को ऐसे बयान देने से पहले फैक्ट चेक कर लेने चाहिए।




















