
मुंगेर। लोक आस्था , निष्ठा और पवित्रता का महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान छठ आज शनिवार, 25 अक्टूबर को नहाय खाय (कद्दू-भात) के साथ शुरू हो गया है। इससे पहले शुक्रवार को व्रतियों ने शुद्धीकरण के लिए गंगा स्नान कर व्रत के पकवानों के लिए गेंहू सुखाए। गंगा स्नान के लिए जिला मुख्यालय के कष्टहरणी , बबुआ, सोझी गंगा घाट सहित अन्य जगहों पर व्रतियों की भीड़ स्नान के लिए जुटी।
छठ पूजा 2025 के चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन कद्दू से बने व्यंजनों का भाेग आराध्य देव सूर्य को लगाकर व्रती ग्रहण करेंगी। और स्वजन के बीच उसे प्रसाद के रूप में वितरण किया जाएगा। व्रत के दूसरे दिन रविवार, 26 अक्टूबर को खरना पर व्रती खीर का प्रसाद बनाकर भगवान भाष्कर को भोग लगाएंगी। इसके बाद घर-परिवार और पास-पड़ोस में खरना का प्रसाद वितरण किया जाएगा। सोमवार, 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य एवं मंगलवार, 28 अक्टूबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ पूजा 2025 का निस्तार (समापन) होगा।
छठ महापर्व को लेकर हर तरफ हर घर में गीत गुंजायमान हो रहे हैं। नियम और निष्ठा के साथ व्रती के स्वजन बाजार से छठ पूजा 2025 के लिए पूजन सामग्रियों की खरीदारी कर रहे हैं। घरों के एक एक कोना को पवित्र किया जा रहा है। घर के आसपास की सफाई तेज गति से हो रही है। घाटों को दुरुस्त कर सजावट की जा रही है। बाजारों में भीड़ बढ़ गई है।
नारियल दौरा -सूप से पटा बाजार
छठ का बाजार गुलजार है। हर तरफ नारियल,दौरा-सूप ,केतारी, सहित सीजनल फल सहित केला,सेब से फल की दुकानें सजी है। किराना दुकानों की भीड़ बढ़ गई है। मिट्टी के दिये ,ढ़कना,बद्धी, अरता, पूजा की पुड़िया ,पान ,सुपारी सहित पूजन सामग्रियां बाजार के फुटपाथ पर बिक रहे हैं। फल मंडी में सुबह से विक्रेताओं भीड़ के बीच डाक की गूंज सुनाई दे रही है।
बाजार में लगा रहा जाम
गंगा स्नान को लेकर नगर सहित आसपास के पहुंचे व्रतियों को लेकर पहुंचने वाहनों की भीड़ से शुक्रवार में जाम लगता रहा है। हालांकि भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल लगातार प्रयासरत रहे। लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रही ।
120 रुपये पीस तक बिका कद्दू2025
हवेली खड़गपुर में छठ पूजा 2025 नहाय खाय को लेकर शुक्रवार को कद्दू की बिक्री जोरों पर रही। कद्दू के दामों में काफी उछाल देखा गया। हवेली खड़गपुर में कद्दू 70 रुपये से लेकर एक सौ बीस रुपया प्रति पीस तक बिका। वही नारियल सत्तर रुपये जोड़ा बिक रहा है। जगह-जगह फलों के अलावा नारियल की दुकान लगाई गई है। वही मिट्टी के बर्तन हाट चौक दुर्गा मंदिर के समीप कुंभकारो बेचे रहे हैं।
छठ घाटों पर होगी सुविधा व सुरक्षा
लोक आस्था के महापर्व छठ पर आस्था की बयार हर तरफ बह रही है। अस्ताचल और उदीयमान सूर्य के अर्घ्य को लेकर घाटों की व्यवस्था को दुरूस्त किया जा रहा है। घर से लेकर घाट तक पहुंचने के मार्ग की सफाई अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन सहित जागरण पंचायत क्लब , स्थानीय लोग व सामाजिक संगठन इस कार्य में जोर शोर से लगे हैं। सुविधा व सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही है।




















