
नईदिल्ली /लखनऊ/ पटना , २8 अक्टूबर ।
सूर्य उपासना के महापर्व छठ का आज समापन हो रहा है। उगते सूर्य को ‘उषा अघ्र्य’ अर्पित करने के लिए तडक़े से ही श्रद्धालु देशभर के घाटों पर जुट गए हैं। बिहार सहित पूरे देश में छठ पूजा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विक्रम सरोवर, विक्रम विश्वविद्यालय परिसर में छठ पूजा में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, …मैं सभी को छठ की बधाई देता हूं। ये हमारी माता-बहनों के कठिन व्रत के बाद पूरे परिवार के कुशल और देश व प्रदेश के प्रगति के लिए उनके मन के संकल्प से हमारी सनातन संस्कृति की रक्षा होती है। मेरी अपनी ओर से पुन सभी को बधाई।
इस पर्व को पूरा देश मना रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उगते सूर्य को दिए जाने वाले उषा अघ्र्य में शामिल हुए। पूजा के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, समस्त छत्तीसगढ़वासियों और कुनकुरी विधानसभा के वासियों को छठ महापर्व की शुमकामनाएं। हमारा हर बार प्रयास रहा है कि हम छठ पर्व पर यहां छठव्रतियों का दर्शन करे और सूर्य भगवान को अघ्र्य दें तथा छठी मैया की पूजा करे…छठी मैया से निवेदन किए हैं कि सबके घर में खुशी और समृद्धि हो। कुनकुरी छठ घाट के लिए 5 करोड़ 17 लाख रुपए की स्वीकृति हुई है और यहां पर एक अच्छा छठ घाट बनकर तैयार होगा। हमें लगता है कि अगले साल छठ पर्व आते-आते ये घाट तैयार हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने पटना स्थित आवास से छठ पूजा की। इस दौरान उन्होंने कहा, छठी मैया ने बिना मांगे इतना कुछ दिया है लेकिन हां मैं ये मानता हूं जिस विकसित बिहार की हम कल्पना करते हैं और उस विकसित परिवार तथा उस विकसित बिहार में हर परिवार में खुशियां और समृद्धि आए। यही कामना की है कि छठी मैया का ये आर्शीवाद बिहार और देश के हर व्यक्ति और परिवार को मिले। छठ पर्व के साथ लोकतंत्र का महापर्व भी चल रहा है ऐसे में आज जब हम लोग छठ का उगते सूर्य को अघ्र्य देकर इस पर्व को पूर्ण किया। एक महापर्व समाप्ति की ओर है तो दूसरी ओर लोकतंत्र का दूसरा महापर्व वो अपनी चरम सीमा पर अपने पूर्णरूप में आएगा। आज से हम लोग प्रचंड प्रचार की शुरुआत करेंगे और जो भी परिणाम आएंगे हम जानते हैं हमारे पक्ष में आएंगे लेकिन वो परिणाम बिहार और बिहारवासियों के लिए सुखद होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छठ पूजा के अंतिम दिन पटना स्थित अपने आवास पर उगते सूर्य को उषा अघ्र्य अर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट में छठ समापन को लेकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, भगवान सूर्यदेव को प्रात: कालीन अघ्र्य के साथ आज महापर्व छठ का शुभ समापन हुआ। चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान छठ पूजा की हमारी भव्य परंपरा के दिव्य दर्शन हुए। समस्त व्रतियों और श्रद्धालुओं सहित पावन पर्व का हिस्सा बने अपने सभी परिवारजनों का हृदय से अभिनंदन! छठी मइया की असीम कृपा से आप सभी का जीवन सदैव आलोकित रहे।
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने छठ पूजा के आखिरी दिन किशनगंज में उगते सूर्य को उषा अघ्र्य दिया। उन्होंने पूजा के बाद कहा, यह आस्था का महापर्व है। हमने उगते सूर्य को अघ्र्य दिया… आज मुझे किशनगंज में छठ पूजा मनाने का अवसर मिला। मैं छठी मैया से लोगों के बीच सद्भाव, आपसी प्रेम और सभी के स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना करता हूं। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और बिहार में चुनाव प्रभारी बनाकर भेजे गए केशव प्रसाद मौर्य ने भी पटना में छठ पूजा में हिस्सा लिया। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने छठ पूजा अनुष्ठान में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने कहा, आज, मैं बिहार और देश के सभी लोगों को, जो छठ पूजा मना रहे हैं उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। छठी मैया सभी पर कृपा करें, खासकर बिहार पर, ये एक महापर्व है। आज हम उगते सूर्य को अघ्र्य देते हैं, हमने भी अघ्र्य दिया है।





























