छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: सौम्या चौरसिया 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई तेज करते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा की निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया को आज विशेष अदालत में पेश किया। विशेष PMLA कोर्ट ने सौम्या चौरसिया को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए। सौम्या को दो दिन पहले ईडी ने गिरफ्तार किया था और प्रारंभिक रिमांड पूरी होने के बाद आज फिर कोर्ट में पेश किया गया। सौम्या चौरसिया, जो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रह चुकी हैं, पर ईडी ने
मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। ईडी के अनुसार सौम्या की गिरफ्तारी पप्पू बंसल उर्फ लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, तांत्रिक केके श्रीवास्तव और कारोबारी अनवर ढेबर के होटल मैनेजर दीपेन चावड़ा के बयानों के आधार पर की गई है। इसके साथ ही जांच एजेंसी को सौम्या, रिटायर्ड आईएएस अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर–चैतन्य बघेल के बीच हुई चैट्स से कई अहम डिजिटल सबूत भी हाथ लगे हैं।

ईडी की जांच में यह सामने आया है कि सौम्या चौरसिया को शराब सिंडिकेट से लगभग 115.5 करोड़ रुपये की POC (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) प्राप्त हुई थी। डिजिटल रिकॉर्ड, जब्त दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और लिखित बयानों के आधार पर एजेंसी का दावा है कि सौम्या शराब घोटाले के कथित सिंडिकेट की सक्रिय सदस्य थीं और नीति निर्माण से लेकर अवैध कमाई के वितरण तक की प्रक्रिया में उनकी भूमिका रही। इसी मामले में पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को भी ईडी ने प्रोडक्शन रिमांड पर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने निरंजन दास को तीन दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। ईडी अब सौम्या चौरसिया से मिले इनपुट के आधार पर निरंजन दास से पूछताछ करेगी।

 

RO No. 13467/11