मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कोरिया को सौगात दी, भाजपा नेताओं ने जतायी कृतज्ञता

कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले को विभिन्न विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात मिलने पर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष मोहितराम पैंकरा ने मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इन स्वीकृत कार्यों से जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। जारी जानकारी के अनुसार कुडेली बाजार के कांक्रीटीकरण के लिए 20 लाख रुपये तथा आरआरसी पुलिया अहिरपारा नाला कुडेली हेतु 15 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं सरभोका स्टेडियम में अधोसंरचना विकास एवं खेल सामग्री के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अतिरिक्त छुरीगढ धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल की गई है, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पुलिस चौकी बचरा पोंडी को थाना तथा पुलिस सहायता केंद्र पंडोपारा को पुलिस चौकी के रूप में उन्नयन की स्वीकृति भी दी गई है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ होगी। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय भवन की स्थापना को भी मंजूरी मिली है। आवागमन सुविधा को मजबूत करने के उद्देश्य से सलका बाईपास रोड के लिए 18 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं छिंदिया से रामपुर शिवपुर मार्ग (4 किमी) के निर्माण के लिए 800 लाख रुपये तथा कुशहा से घुघरा मार्ग (3 किमी) के लिए 600 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में कोरिया जिले को विकास की नई दिशा मिल रही है। इन कार्यों के पूर्ण होने से बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा।

RO No. 13467/11