
चांपा। शारदीय नवरात्र पर चांपा का वातावरण मां दुर्गा की भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया है। नगर के कोरबा रोड स्थित सिवनी चौक के पास अग्रवाल सेवा संघ के तत्वावधान में स्थापित मां दुर्गा का भव्य पंडाल इस वर्ष अपनी अनूठी भव्यता के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस बार पंडाल राजस्थान के राजमहल की थीम पर सजाया गया है, जहां पहुंचते ही श्रद्धालु स्वयं को किसी ऐतिहासिक महल में खड़ा महसूस करते हैं।
पंडाल की भव्यता और मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा को देखने के लिए न सिर्फ चांपा, बल्कि आसपास के जिले, छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों और पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन लाखों की संख्या में भक्त यहां आकर मां के दर्शन कर रहे हैं। दिन से लेकर देर रात तक पंडाल में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में एक मेले जैसा दृश्य देखने को मिल रहा है।
लोगों को किया आकर्षित पंडाल पूरी तरह राजस्थान की राजशाही संस्कृति और वास्तुकला पर आधारित है। पंडाल को इस तरह सजाया गया है कि हर दीवार, खंभा और सजावट किसी राजमहल की याद दिलाती है। ऊंचे-ऊंचे दरवाजे, खूबसूरत झरोखे और सुनहरी रोशनी के बीच मां दुर्गा की दिव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। पंडाल के बाहर रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट ने पूरे चौक को रोशन कर दिया है, जिससे यह जगह नवरात्र का मुख्य आकर्षण स्थल बन गई है। मां दुर्गा के पंडाल में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं।



















