सीएम हिमंत का कांग्रेस पर पलटवार, 500 करोड़ रुपये के मानहानि का मुकदमा किया दायर

नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने खिलाफ भूमि कब्जाने के आरोप लगाने को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया।

मीडिया से बातचीत में सरमा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि मेरे पास 12,000 बीघा बेनामी जमीन है। मैंने अदालत में मुकदमा दायर किया है, ताकि वे अदालत के समक्ष सूची प्रस्तुत कर सकें। यदि वे सूची उपलब्ध नहीं करा पाते हैं तो उन्हें 500 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने एक्स पर भी मुकदमा दायर करने की जानकारी दी। चार फरवरी को एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की जांच से पता चला है कि राज्यभर में मुख्यमंत्री और उनके परिवार द्वारा लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया गया है। इस मुकदमे में कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह और भूपेश बघेल का भी नाम शामिल है।

‘बिना वीजा के हुई गौरव की रावलपिंडी यात्रा’

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई द्वारा बिना वीजा के रावलपिंडी जाने की बात स्वीकार करना यह साबित करता है कि वे पड़ोसी देश में राजकीय अतिथि थे। उनकी यह यात्रा 2013 में हुई थी। गोगोई ने स्वयं कहा है कि वे रावलपिंडी गए थे। चूंकि वे बिना वीजा के गए थे, इसलिए वे पाकिस्तानी सेना या पुलिस की गाड़ी में गए होंगे।

मुख्यमंत्री के विवादित वीडियो को लेकर भाजपा के खिलाफ पुलिस में शिकायत असम कांग्रेस ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के विवादित वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के लिए भाजपा के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पार्टी विधायक सिबामोनी बोरा और दिगंता बर्मन ने गुवाहाटी के दिसपुर पुलिस स्टेशन में यह शिकायत दर्ज कराई।

RO No. 13467/10