
नई दिल्ली। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी प्रवासियों पर कथित अत्याचार के विरोध में बुधवार को विरोध मार्च में शामिल हुईं। मुख्यमंत्री कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के एक विशाल पैदल मार्च (जुलूस) का नेतृत्व किया।
ममता के साथ उनके सांसद भतीजे और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी इस मार्च में शामिल हुए। पदयात्रा के बाद ममता ने एक सभा को भी संबोधित किया। सीएम ममता ने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उन्हें जेल भेजा जाएगा।
बंगालियों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं: CM
- तृणमूल कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल पैदल मार्च का नेतृत्व करते हुए ममता ने भाजपा व केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि मैं बंगालियों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं करूंगी।
- ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला भाषी लोगों को बांग्लादेशी व विदेशी कहकर प्रताड़ित और जेल व डिटेंशन कैंप में भेजा जा रहा है। ममता ने पूछा कि क्या बंगाल देश का हिस्सा नहीं है।
- इसके अलावा ममता ने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों में बैठकर बंगाल के वोटर का नाम काटा जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा की दलाली करने का आरोप लगाया।
-
हर भाषा का सम्मान जरूरी: सीएम ममता
ममता बनर्जी ने कहा कि जब महाराष्ट्र से हिंदी भाषियों को निकाला गया, तो हमने सबसे पहले आवाज उठाई थी। हम यहां रहने वाले विभिन्न राज्यों के सभी लोगों का सम्मान करते हैं, चाहे वे मजदूर हों, व्यापारी हों, दुकानदार हों, फेरीवाले हों या कर्मचारी हों। हम उन पर कभी हमला नहीं करेंगे क्योंकि वे हमारा और हमारे देश का हिस्सा हैं। हम उनसे प्यार करते हैं। हम हर भाषा का सम्मान करते हैं।