
शिमला, २९ सितम्बर ।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 10 दिन के लंदन प्रवास से लौट आए हैं। शनिवार रात वह परिवार सहित दिल्ली पहुंचे, जहां उनके राजनीतिक सलाहकार सुनील कुमार बिट्टू, ओएसडी गोपाल शर्मा और केएस बांशटू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री रविवार को दिल्ली में ही ठहरे और सोमवार को शिमला पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के शिमला पहुंचने के बाद प्रदेश के नए मुख्य सचिव को लेकर अहम फैसला लिया जाएगा। मौजूदा मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना का सेवा विस्तार 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में नए मुख्य सचिव की तैनाती तय है। इस पद के लिए केके पंत और संजय गुप्ता का नाम प्रमुखता से उभर रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुक्खू का यह दौरा पारिवारिक रहा। उनकी बड़ी बेटी का लंदन स्कूल आफ कामर्स में मास्टर्स आफ लॉ में दाखिला हुआ है। बेटी को छोडऩे के लिए सीएम अपनी विधायक पत्नी कमलेश ठाकुर और छोटी बेटी के साथ लंदन रवाना हुए थे।
लंदन प्रवास के दौरान सीएम ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूके के अध्यक्ष से मुलाकात की। साथ ही हाउस ऑफ लॉर्डस में इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम की ओर से आयोजित बैठक में उन्होंने निवेशकों को हिमाचल में निवेश का न्योता दिया और प्रदेश की उपलब्धियों से भी परिचित करवाया।शिमला लौटते ही मुख्यमंत्री सुक्खू प्रशासनिक फेरबदल और नए मुख्य सचिव की नियुक्ति में व्यस्त होंगे। इसके बाद मंत्रिमंडल की बैठक की तैयारियां शुरू होंगी।
वहीं, 13 अक्तूबर को रिज पर स्व. पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम भी उनकी व्यस्तता बढ़ाएगा। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा कमेटी के अध्यक्ष एवं कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कुल्लू दशहरा में आने का न्यौता दिया। सुंदर सिंह ठाकुर ने ये निमंत्रण नई दिल्ली में मुख्यमंत्री सुक्खू को दिया।


































