औद्योगिक संस्थानों में सुरक्षा को सुनिश्चित करते हैं जवान : सीएमडी

सीआईएसएफ ने मनाया 57वां स्थापना दिवस
कोरबा। एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि सीआईएसएफ का स्थापना दिवस पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का दिन है। देश के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ के कंधों पर है और यह बल पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।
गेवरा के परेड ग्राउंड में सीआईएसएफ के 57वीं स्थापना दिवस पर हरीश दुहन ने कहा कि जिस प्रकार देश की सीमाओं पर सेना सुरक्षा प्रदान करती है, उसी प्रकार औद्योगिक संस्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सीआईएसएफ जवानों के भरोसे है। कोल बेल्ट क्षेत्र में कीमती भारी मशीनों और कोयला कर्मियों को सुरक्षा देना हमारे जवानों की वजह से संभव हुआ है। सीआईएसएफ के उप महानिरीक्षक निर्विकार पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि सीआईएसएफ का मुख्य उद्देश्य देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों और क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षा प्रदान करना है। यह बल राष्ट्र की आर्थिक प्रगति के वाहक के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस दिशा में सीआईएसएफ पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
समारोह में सीआईएसएफ जवानों ने मार्च पास्ट और परेड का प्रदर्शन किया, सुरक्षा से संबंधित डेमो भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी, महाप्रबंधक मानव संसाधन अजय बेहरा, महाप्रबंधक ऑपरेशन नागेंद्र साहू, महाप्रबंधक सिविल रवि चन्द्रा, कार्मिक प्रबंधक सुधा शिंदे सहित क्षेत्र के चुनिंदा यूनियन प्रतिनिधि, राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक सर्वेश सोनी व कुछ नागरिक उपस्थित थे।

RO No. 13467/11