
कोरबा। पाली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। हादसे की खबर से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कोयला वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है और मृतकों के शव निकालने की कोशिश तेज की है।
जानकारी के मुताबिक, कोयले से लोड एक ट्रक अनियंत्रित होकर मोड़ के पास बाइक सवार तीन लोगों पर पलट गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ग्राम पोटापानी के निवासी थे और रोज की तरह दीपका काम पर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पाली की ओर आ रहा कोयला लोड ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और बाइक सवारों पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा मलबे के नीचे दबे शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

















