
एंटानानारिवो, १७ अक्टूबर ।
मेडागास्कर के नए सैन्य शासक कर्नल माइकल रैंड्रियनिरिना ने कहा कि वह शुक्रवार को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। इस पश्चिम अफ्रीकी देश में जेन जी के सरकार विरोधी प्रदर्शनों के चलते राष्ट्रपति एंड्री राजोलीना को रविवार को देश छोडक़र भागना पड़ा था। सेना की कई यूनिटों ने भी प्रदर्शनकारियों का साथ दिया। सेना ने सत्ता अपने हाथ में ले ली है। माइकल ने बुधवार रात एक बयान में कहा कि वह मेडागास्कर के पुनर्निर्माण के लिए राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। उच्च संवैधानिक कोर्ट इस समारोह का आयोजन करेगा। जबकि अफ्रीकी संघ ने यह घोषणा की है कि उसने सैन्य तख्तापलट होने के बाद मेडागास्कर की सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही नागरिक नेतृत्व वाली शासन व्यवस्था की बहाली और चुनाव कराने की मांग की है। मेडागास्कर में गत 25 सितंबर को पानी और बिजली की समस्याओं के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हुए थे, लेकिन बाद में ये भ्रष्टाचार, खराब शासन और बुनियादी सेवाओं के अभाव के खिलाफ व्यापक आक्रोश में बदल गए।
शनिवार को विरोध प्रदर्शन उस समय निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया, जब सेना की कई यूनिटों ने भी राजोलीना के खिलाफ विद्रोह कर दिया। इसके चलते उन्हें भागने के लिए मजबूर होना पड़ा।





















