
बदायूं। होली का त्योहार भी अब नजदीक आ रहा है, जिससे बाजार में भीड़भाड़ बढ़ना शुरू हो गई है। तो वहीं परिवहन निगम ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। यहां से लेकर आनंद बिहार, गाजियाबाद और कौशांबी बस अड्डे पर कर्मचारियों को लगाया जा रहा है। होली के एक सप्ताह पहले से दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसें लगा दी जाएंगी और करीब एक सप्ताह बाद तक लगातार संचालित होंगी। यात्रियों की सुविधाओं के बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। करीब 15 दिन बाद होली का त्यौहार है और हर बार इस त्योहार पर बदायूं-दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। बदायूं, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद के लाखों कामगार दिल्ली-हरियाणा जैसे बड़े शहरों में काम कर रहे हैं। वह अक्सर होली के त्योहार पर अपने घर आते हैं और त्योहार मनाने के बाद वापस लौट जाते हैं, जिससे एक सप्ताह पहले से रोडवेज बसों में भीड़भाड़ बढ़ जाती है और यही परिवहन निगम की कमाई का समय होता है, जिससे परिवहन निगम के अधिकारी पहले से तैयारी में जुट जाते हैं।
अभी 15 दिन का समय है। फिलहाल रोडवेज बसों के मरम्मत, सर्विस वगैरह कराई जा रही है। त्योहार के एक सप्ताह पहले से रोडवेज बसों को लगा दिया जाएगा। खासकर बदायूं-दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को बदायूं डिपो की बसों में लाया जा सके।



























