सीएम के खिलाफ टिप्पणी पड़ी भारी, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव कांग्रेस से तीन साल के लिए निष्कासित; कल हुआ था घर ध्वस्त

रांची। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता योगेंद्र साव को पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में तीन वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने संगठनात्मक अनुशासन को बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अनुशासन समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री डा.रामेश्वर उरांव हैं। उन्होंने पत्र लिखकर इसकी जानकारी योगेंद्र साव को दे दी है।

इस बात की जानकारी देते हुए मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी ने बताया कि समिति के संज्ञान में यह बात आई कि योगेन्द्र साव द्वारा लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से वर्तमान गठबंधन सरकार एवं मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक एवं अनुशासनहीन टिप्पणियां की जा रही थीं।

हाल ही में फेसबुक लाइव के माध्यम से भी उन्होंने सरकार के खिलाफ अनुचित बयान दिए। अनुशासन समिति ने इस आचरण को पार्टी की छवि के प्रतिकूल एवं संगठनात्मक नियमों का उल्लंघन मानते हुए गंभीरता से लिया।

अनुशासन समिति ने कहा है कि वर्तमान गठबंधन सरकार में कांग्रेस पार्टी की भागीदारी है, ऐसे में इस प्रकार के सार्वजनिक वक्तव्य पार्टी की मर्यादा के विरुद्ध हैं।

RO No. 13467/11