
जांजगीर चांपा। धान खरीदी में सूखत का प्रावधान करने सहित अन्य मांगों को लेकर जिले के समिति कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। कम्यूटर ऑपरेटर्स की आउट सोर्सिंग से भर्ती और अफसरों को बिना शर्त और जिम्मेदारी तय किए धान खरीदी प्रभारी बनाने का विरोध किया जाएगा। सहकारी समिति कर्मचारियों की रविवार को रायपुर में बैठक हुई। कई जिले से समिति कर्मचारी शामिल रहे। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के बाद आगामी दिनों में चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया। सहकारी समिति कर्मचारी संघ और छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ की संयुक्त बैठक की गई। 2 वर्षों में खरीदी केन्द्रों में जो सूखत आया इस पर चर्चा की गई। वर्ष 2025-26 में होने वाली धान खरीदी में सुखत का प्रावधान, कम्प्यूटर ऑपरेटरों की आउट सोर्सिंग से भर्ती का विरोध किया जाएगा। राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर 15 नवंबर से धान खरीदी की जाएगी। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी करने की घोषणा की गई है।
समिति कर्मचारियों ने बताया कि 24 अक्टूबर को जिला स्तर पर रैली निकाली जाएगी। समिति कर्मचारी प्रशासन को अपनी मांग और समस्याओं से संबधित ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं 28 को प्रदेश स्तर पर रैली निकाली जाएगी और ज्ञापन सौंपा जाएगा। मांग पूरी नहीं होने पर 3 नवंबर से संभाग स्तरीय आनिश्चित कालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। 12 नवंबर से प्रदेश स्तरीय आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है।