घुड़देवा बाजार तक स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से रात्रि में आना-जाना जटिल

आश्वासन में अधिकारी आगे पर काम में फिसड्डी
कोरबा। नगर पालिका परिषद क्षेत्र बांकीमोंगरा में कई प्रकार की समस्याएं लोगों को परेशान करने का कारण बनी हुई है। कहीं सडक़ गायब तो कहीं सडक़ों पर उलझनें और कुछ इलाके ऐसे हैं जहां खंभों पर स्ट्रीट लाइट तो जरूर लगी है लेकिन जलती नहीं। कुल मिलाकर ये चीजें बेमतलब सी हो गई है। कटाईनार चौक से घुड़देवा बाजार तक की स्ट्रीट लाइट का हाल कुछ ऐसा ही है। अंधेरा पसरने से यहां रात्रिकालीन आवाजाही खतरे में है।
पिछले कुछ महीनों से स्ट्रीट लाइट निष्क्रिय है। रात्रि में अपने कार्यों से लोग इस रास्ते से आना-जाना करते हैं। मार्ग की दशा बेहतर न होने और लाइट की व्यवस्था के अभाव में स्थितियां जटिल हो गई है। कई मौके पर घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। नगर पालिका परिषद के अधिकारी के अलावा उच्चाधिकारियों तक बात पहुंचाई गई। किसी ने भी आश्वासन देने के मामले में अपने आपको पीछे नहीं रखा, लेकिन काम भी नहीं किया। इन सबके चक्कर में क्षेत्र के नागरिक मुश्किल झेलने को मजबूर हैं। लोगों को लगता है कि अधिकारी लिखित शिकायत से बाज नहीं आने वाले हैं इसलिए उनके साथ कुछ दूसरा तरीका अपनाने की जरूरत है।
पार्षद अश्वनी ने दी धरना की चेतावनी
क्षेत्र के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने इस मसले को लेकर एक बार फिर नगर पालिका अधिकारी को स्मरण कराया। वे पहले भी इस बारे में पत्र लिख चुके हैं। पहले भी उन्हें कहा गया था कि समस्या का निराकरण कराएंगे लेकिन हालात जस के तस हैं। अब उन्होंने सात दिन का समय घुड़देवा बाजार तक की स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने के लिए दिया है। इसके अभाव में वे धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इससे उत्पन्न स्थिति के लिए नगर पालिका प्रशासन का दायित्व होगा।

RO No. 13467/11