जनविरोधी बिजली नीति पर कांग्रेस का हमला

कोरिया बैकुंठपुर। राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय बैकुंठपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की साय सरकार द्वारा बिजली बिल हॉफ योजना को लगभग समाप्त करने के निर्णय को जनता पर सीधा हमला बताया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया गया कि अब केवल 100 यूनिट तक की खपत पर ही बिल हॉफ किया जाएगा, जिससे प्रदेश के लाखों उपभोक्ता इस राहत से वंचित हो गए हैं। 100 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वालों को न केवल पूरा बिल भरना होगा, बल्कि उन्हें पहले 100 यूनिट पर मिलने वाली छूट भी नहीं मिलेगी। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई योजना का लाभ लगभग 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिल रहा था। इससे हर उपभोक्ता को पाँच साल में औसतन 40 से 50 हजार रुपये की बचत हुई थी। पुराने प्रावधान के तहत 400 यूनिट तक की खपत पर बिजली बिल हॉफ किया जाता था, जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीते डेढ़ वर्षों में साय सरकार ने चार बार बिजली दरें बढ़ाईं, घरेलू, गैर-घरेलू, और कृषि सभी वर्गों पर भार डाला गया है। 80 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की जा चुकी है। इसके अलावा, भाजपा सरकार के दौरान बिजली कटौती, लो वोल्टेज, और अनियमित आपूर्ति आम हो गई है, जबकि कांग्रेस शासन में 24 घंटे बिजली की गारंटी दी जाती थी। पत्रकार वार्ता में यह भी कहा गया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बिजली उत्पादन की लागत बढ़ी है और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाया जाएगा, क्योंकि कोयला, पानी, जमीन हमारीज् और बिजली भी महंगी? अब स्मार्ट मीटर और प्रीपेड मीटर के नाम पर जनता को लूटने की तैयारी की जा रही है।
पत्रकार वार्ता के अंत में कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार का यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है और पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। पत्रकारवार्ता के दौरान पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी मुख्तार अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, अनिल जायसवाल, बिहारी राजवाड़े, भूपेंद्र यादव, विक्रांत सिंह, राजेश कुर्रे, अंकित गुप्ता एवं अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

RO No. 13467/11