
लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस कांशीराम की जयंती को परिवर्तन दिवस के रूप में मनाएगी। इसे लेकर 13 मार्च को लखनऊ के इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में समारोह का आयोजन किया जाएगा। परिवर्तन दिवस समारोह में बहुजन संवाद को लेकर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद से राज्य में संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस कोई मौका नहीं गवाना चाहती है। बहुजन समाज में पैठ बनाने के लिए कांग्रेस विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं बहुजन समाज के साथ संपर्क अभियानों में शामिल हो रहे हैं। साथ ही पार्टी ने प्रदेश व जिला स्तर पर कई नेताओं को भी इस प्रकार के कार्यक्रमों में शामिल होने की जिम्मेदारी सौंपी है। संविधान बचाओ कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस अल्पसंख्यकों में भी पैठ बनाने की कोशिश कर रही है।
वहीं पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन से कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से परिवर्तन प्रतिज्ञा संवाद और संविधान चर्चा कार्यक्रम शुरू किया गया है। साथ ही अल्पसंख्यक विभाग और अनुसूचित जाति विभाग भी अलग-अलग जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
इसी सिलसिले में 13 मार्च को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती को विशेष रूप से मनाने के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हाल में कार्यक्रम का आयोजन किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता व मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष मनीष हिंदवी ने बताया कि कांशीराम ने दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने पूरे देश में जनांदोलन खड़ा किया था, लेकिन अब बसपा उनकी राह से भटक गई है।






























