रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में मिला अंतरराष्ट्रीय साजिश का कनेक्शन, नेपाल से हुई थी फंडिंग

मुंबई। मुंबई में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में लगातार जांच जारी है और मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ बड़े-बड़े सुराग भी लग रहे हैं। अब मामले में क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है कि शूटर्स को एटीएम के जरिए घटना को अंजाम देने के लिए मोटी रकम दी गई थी और फंडिंग पड़ोसी देश नेपाल से हुई थी। फंडिंग की पुष्टि के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच को और गहन कर दिया है। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने अब अंतरराष्ट्रीय साजिश का रूप लेना शुरू कर दिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि फायरिंग को अंजाम देने वाले शूटर्स को दी गई रकम सीधे बैंक खातों में जमा कराई गई थी, जिसमें एटीएम के जरिए कैश ट्रांजैक्शन का इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों के खाते में रकम अज्ञात व्यक्ति के जरिए डाली गई थी, जिसके बैंक डिटेल्स को पुलिस खंगालने की कोशिश कर रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच साक्ष्य जुटा रही है कि पैसा कहां से आया और किसने भेजा। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस लेनदेन का कनेक्शन नेपाल से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। आगरा से पकड़े गए आरोपियों को नेपाल से फंडिंग दी जाती रही थी।

RO No. 13467/11