
हसौद। हसौद सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भेड़ीकोना में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालक पर ग्रामीणों ने मनमानी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मालखरौदा को लिखित शिकायत सौंपते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम भेड़ीकोना की शासकीय उचित मूल्य दुकान का आवंटन जय मां दुर्गा महिला स्व सहायता समूह को प्राप्त है, जिसका संचालन संतोषी साहू द्वारा किया जा रहा है।
आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा शासन के नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से दुकान का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार शासन के नियमानुसार उचित मूल्य दुकान पूरे माह खुली रहनी चाहिए, ताकि जरूरतमंद हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार राशन प्राप्त कर सकें, लेकिन संचालक द्वारा केवल माह के अंतिम दो-तीन दिनों में ही राशन वितरण किया जाता है।
इससे कई पात्र हितग्राही राशन से वंचित रह जाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राशन वितरण माह के अंतिम दिनों में रात के समय किया जाता है, जो नियमों के विरुद्ध है। बीते दिसंबर माह में अनुसुइया गोस्वामी, खीकबाई यादव सहित कई ग्रामीणों को राशन नहीं मिल पाया। वहीं वर्तमान माह में भी खबर लिखे जाने तक राशन वितरण शुरू नहीं किया गया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।




















