
जांजगीर। थाना क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पीछे गली, मॉडर्न कॉलेज व हॉस्टल के पास विद्युत कार्य के दौरान एसएनडी इलेक्ट्रिकल कंपनी का ठेकाकर्मी जितेन खरे करंट की चपेट में आ गया। चालू लाइन पर खंभे पर चढ़े जितेन का संतुलन बिगड़ा और वे सीढ़ी से नीचे गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झटके से सिर व कमर पर चोट लगने से वे बेहोश हो गए।
घायल जितेन को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर पर गहरे घाव के कारण 15 टांके लगाए गए। कमर की चोट पर एक्स-रे सामान्य आया, लेकिन सीटी स्कैन सहित जांच की सलाह दी गई। बेहतर इलाज के लिए उन्हें किम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जितेन सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि ठेकेदार के अधीन कार्यरत थे। बिजली अधिकारियों ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए कहा कि कर्मचारियों को हेलमेट, ग्लव्स पहनने के निर्देश दिए जाते हैं। घटना से आधा घंटे पूर्व भी सुरक्षा उपकरण पहनाए गए थे, किंतु जितेन ने हेलमेट न पहनने से सिर पर गंभीर चोट आई। ठेकेदार की जिम्मेदारी बताते हुए बोले कि बीमा व प्रावधानों से इलाज का खर्च वहन किया जा रहा है। लापरवाही की जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।




















