
टेंडर अंतिम प्रक्रिया में, दीपावली के बाद निर्माण
कोरबा। लगभग 31 करोड रुपए की लागत से कोरबा में पहली रेल अंडरपास संजय नगर क्षेत्र में तैयार होगा। जिला प्रशासन और रेलवे संपूर्ण लागत का आधार हिस्सा वहन करेगा। दीपावली के बाद निर्माण शुरू होने की बात कही जा रही है और इसी के साथ अंडरपास के आसपास विवादित सभी निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
खबर के अनुसार 5 से ज्यादा मामले विवादित प्रकृति के हैं। रेलवे की जमीन पर इनका निर्माण होना बताया जा रहा है। संजय नगर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार होने और आगे की प्रक्रियाओं को बढ़ाने के दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति लगाई थी। इनमें से अधिकांश का निराकरण हो चुका है जबकि पांच मामले लंबित है। छत्तीसगढ़ सेतु निगम के अधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद परिसंपत्तियों के प्रकरणों में मुआवजा का वितरण संबंधित लोगों को दिया जा चुका है। 3 करोड़ की राशि मुआवजा के रूप में वितरित की गई है। इसी के साथ अंडरपास निर्माण क्षेत्र में मौजूद ऐसी 85 से ज्यादा परिसंपत्तियों को ध्वस्त करने का काम बहुत पहले पूरा कर लिया गया। बताया गया कि जिन प्रकरणों में विवाद की स्थिति बनी हुई है, उन्हें अंडरपास निर्माण का काम शुरू होने के साथ अंतिम रूप से ध्वस्त कर दिया जाएगा। इस तरह का भरोसा प्रशासन के द्वारा निर्माण एजेंसी को दिया गया है।
पावर हाउस रोड कैनाल पुल से संजय नगर होकर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग का उपयोग प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग करते हैं। यहां से होकर गुजरने वाले रेलवे ट्रैक पर क्रॉसिंग स्थित है और दिन भर में 20 से अधिक बार यह बंद होती है। ऐसी स्थिति में जाम की समस्या से लोगों का सामना होता है। पिछले कई वर्षों से समस्या को हल करने के लिए ओवर ब्रिज या अंडरपास निर्माण की मांग की जा रही थी। तकनीकी परीक्षण के बाद यह महसूस किया गया कि मौके पर रेल अंडरपास बनाया जाना व्यावहारिक और आसान होगा। इस बारे में स्थल परीक्षण और आसपास की स्थिति का जायजा लेने के बाद अंडरपास बनना मंजूर किया गया। प्रशासन के प्रभावी हस्तक्षेप और पहल से रेलवे ने इस काम में अपनी 50′ भागीदारी करना सुनिश्चित किया है। लोक प्रतीक्षा कर रहे हैं की कितनी जल्द सेतु निगम के द्वारा लगाया गया टेंडर फाइनल हो और फिर अक्टूबर में दीपावली पर संपन्न होने के बाद कोरबा के पहले रेल अंडरपास का निर्माण कार्य गति को प्राप्त करें