
तिरूवनंतपुरम, 0६ अक्टूबर ।
केरल के सबरीमाला मंदिर में सोने की परत के विवाद में सोमवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूडीएफ के सदस्यों ने प्रश्नकाल को बाधित किया और सबरीमाला मंदिर विवाद पर राज्य के देवास्वम मंत्री वीएन वासावन के इस्तीफे की मांग की। विपक्षी नेताओं ने अध्यक्ष के आसन के सामने नारेबाजी की। सोमवार को केरल विधानसभा का सत्र शुरू होते ही, विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड (टीडीबी) पर लगे आरोपों का मुद्दा उठाया। उन्होंने देवास्वम मंत्री वी एन वासवन के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि विपक्ष को पहले इस मुद्दे को उठाने की अनुमति नहीं दी गई थी।
जब विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष की मांग को नजरअंदाज कर दिया और प्रश्नकाल शुरू किया, तो यूडीएफ सदस्य आसन के सामने आ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्षी नेताओं ने अध्यक्ष के आसन के सामने एक बैनर लहराया, जिस पर लिखा था, जिन लोगों ने भगवान अयप्पा का सोना चुराया है, वे अम्बलम विझुंगिकल (मंदिर चोर) हैं।



























