
कटरा, १७ अक्टूबर।
त्योहारी सीजन के चलते देशभर से मां वैष्णो देवी के लिए बहुत कम संख्या में श्रद्धालु के आधार शिविर कटड़ा पहुंच रहे हैं। इसके चलते कटड़ा व भवन सूना हो गया है। भवन मार्ग पर घोड़ा, पिट्टू तथा पालकी मजदूर भी श्रद्धालुओं का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि दीपावली के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा में बढ़ोतरी होगी। वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है और सभी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन कर खुद को सौभाग्यशाली मान रहे हैं। मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद भवन पर रोपवे केबल कार में सवार होकर भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगा रहे हैं।गुरुवार को दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, लेकिन ठंडी हवा चलती रही, जिससे हल्की ठंड का अहसास हुआ। शाम छह बजे तक 7100 श्रद्धालु पंजीकरण करवरकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और इक्का-दुक्का श्रद्धालुओं का आना जारी है।





















