
मुंबई 8 अगस्त। मुंबई कस्टम के एयरपोर्ट कमिश्नरेट ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (सीएसएमआई) पर दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए का सोना और मादक पदार्थ जब्त किया। इस ऑपरेशन में कस्टम ने कुल 0.947 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) और 3.02 किलोग्राम सोने का बारीक पाउडर (गोल्ड डस्ट) बरामद किया। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 3.72 करोड़ रुपए आंकी गई है। दोनों मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। पहले मामले में 24 कैरेट गोल्ड डस्ट वैक्स में छिपा हुआ पाया गया। यह 6 टुकड़ों में था, जिसका शुद्ध वजन 3020 ग्राम था और जिसकी कीमत लगभग 2.78 करोड़ रुपए बताई गई। यह सोना एक एयरलाइन स्टाफ के पास से बरामद हुआ, जिसने इसे विशेष रूप से डिजाइन की गई बेल्ट में अपने अंडरगारमेंट्स के भीतर छिपा रखा था।
कस्टम अधिकारियों ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसे कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया।






















