
भुवनेश्वर। अक्टूबर महीना ओडिशा के लोगों के लिए हमेशा चक्रवातीय खतरे की याद दिलाता है। इस बार का अक्टूबर भी कुछ ऐसा ही कड़वा अनुभव देने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आगामी 27 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवातीय परिसंचरण बनने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में एक निम्न दबाव क्षेत्र बन चुका है। यह धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और अधिक संगठित होकर शनिवार तक दक्षिण-पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर अवदाब (डिप्रेशन) का रूप ले लेगा। 26 अक्टूबर तक यह और मजबूत होकर गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) में तब्दील हो जाएगा। 27 अक्टूबर (सोमवार) की सुबह तक इसके और तीव्र होकर दक्षिण-पश्चिम और मध्य-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का रूप धारण करने की पूरी संभावना है। हालांकि, यह तूफान कितना प्रबल होगा, किस दिशा में आगे बढ़ेगा और कहां पर यह भूमि को स्पर्श करेगा, इस संबंध में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

























