
मालखरौदा। ग्राम छपोरा में बुधवार को मामूली पारिवारिक विवाद के चलते पोते ने अपने दादा की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को 11 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार की दोपहर करीब 3:30 बजे गोविंदा राय(25) ने अपने दादा फिरत राम राय से खाना बनाने के लिए कहा। इस पर नाराज होकर दादा ने उसे गालियां दीं और थप्पड़ भी मारा। इससे आक्रोशित होकर गोविंदा ने दादा के साथ हाथापाई शुरू कर दी। झगड़े के दौरान फिरत राम राय जमीन पर गिर पड़े और कोई हरकत नहीं करने पर गोविंदा ने उन्हें मृत समझकर घर के बाड़ी में बने एक कुएं में फेंक दिया। बाद में इस घटना की जानकारी आरोपी गोविंदा राय ने अपने चाचा हीरानंद राय को दी। इसके बाद हीरानंद ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर शव को बरामद कर पंचनामा की कार्रवाई की। मामला गंभीर प्रकृति का होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। छपोरा बस स्टैंड से आरोपी गोविंदा राय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।






























