
ऊना\टाहलीवाल। संतोखगढ़-टाहलीवाल मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात करीब एक बजे दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। स्विफ्ट कार और टिप्पर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद टाहलीवाल पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची।
मिली जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार संतोखगढ़ से टाहलीवाल की तरफ जा रही थी। कार में दो युवक और एक महिला सवार थे। मृतकों की पहचान तरनजीत सिंह (22) पुत्र अवतार सिंह निवासी सनौली, डाकघर पूना, मयंक (20) पुत्र गुलशन कुमार निवासी मैहतपुर और किरण देवी पत्नी प्रमोद निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही इलाके के रहने वाले थे और रात को किसी निजी काम से लौट रहे थे।




















