करगामार में ग्रामीण के घर घुसा दंतैल, दो बकरियों की ली जान

हाथी मित्र दल व वनकर्मियों ने बुजुर्ग को बचाया सुरक्षित
कोरबा। जिले के कोरबा एवं कटघोरा वनमंडल में हाथियों का आतंक जारी है। कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज के परला बिट में सक्रिय 53 हाथियों के दल में से 10 हाथी बीती रात झुंड से अलग होकर जटगा रेंज के करगामार गांव पहुंच गए।
यहां पहुंचते ही एक दंतैल हाथी झुंड से बिछड़ गया और गांव की बस्ती में पहुंचकर गंभीर सिंह गोंड़ नामक ग्रामीण के घर में अचानक घुस गया। दंतैल के घुसते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर सिंह के परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह घर से बाहर भागे। लेकिन गंभीर सिंह बुजुर्ग होने की वजह से भाग नहीं सका। इसकी जानकारी तत्काल हाथी ड्यूटी पर तैनात वन कर्मियों एवं हाथी मित्र दल के सदस्यों को दी गई जिस पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर दंतैल से घिरे बुजुर्ग को घर से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बुजुर्ग को ले जाने के बाद हाथी ने अपना गुस्सा घर पर बंधे बकरियों पर उतारा और उसे पैरों तथा सूंड से कुचलकर मार डाला। सुबह होने पर वन अमले ने दस्तावेजी कार्यवाही की। हाथियों का उत्पात यहीं नहीं थमा बल्कि दल के अन्य हाथी खेतों में पहुंचकर वहां लगे फसल को मटियामेट कर दिए जिसका आंकलन वन अमला कर रहा है। इस बीच परला में बचे 43 हाथियों ने भी उत्पात मचाते हुए परला व आसपास के गांव में फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं कोरबा वनमंडल के बालकोनगर रेंज में विचरण कर रहे 12 हाथियों के दल ने अब कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज का रूख कर लिया है। हाथियों का यह दल विगत 4 दिनों से बालको रेंज में सक्रिय था और सोनगुड़ा, दोंदरो, कछार, केशलपुर सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया था जिससे ग्रामीण हलाकान थे।

RO No. 13467/11