अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर यूपीएससी में चयनित दर्शना सिंह का हुआ सम्मान

एमसीबी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एमसीबी जिले की होनहार बेटी दर्शना सिंह को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करने पर उनके निवास पहुंचकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी गई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम एमसीबी भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले के मार्गदर्शन और भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शुभम सिंह अपने साथियों के साथ दर्शना सिंह के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
इस अवसर पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कहा कि दर्शना सिंह ने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे एमसीबी जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से ना केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि दर्शना सिंह की सफलता से जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों को आगे बढऩे और बड़े सपने देखने की प्रेरणा मिलेगी। युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और दर्शना सिंह की सफलता नारी शक्ति का सशक्त उदाहरण है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह उपलब्धि जिले की बेटियों के लिये विशेष प्रेरणादायक है। कार्यकर्ताओं ने दर्शना सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भारतीय पुलिस सेवा में रहकर ईमानदारी और समर्पण के साथ देश सेवा करेंगी तथा आने वाले समय में जिले का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगी। इस अवसर पर युवा मोर्चा के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।

RO No. 13467/11