
कोरिया। जिले के छत्तीसगढ़ डिजिटल क्रॉप सर्वे (सीजीडीसीएस) के सर्वेयरों ने रबी फसल का सर्वे समय पर और पूरी मेहनत के साथ पूरा किया, लेकिन अब तक उनका भुगतान लंबित है। सर्वेयरों ने खेतों, झाडिय़ों और फेंसिंग जैसी कठिन परिस्थितियों में कई किलोमीटर पैदल चलकर सर्वे पूरा किया, ताकि किसानों और सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक डेटा उपलब्ध कराया जा सके।
सर्वेयरों का कहना है कि ऑनलाइन नियुक्ति के बाद उन्होंने रबी, जायद और परती जमीन का सर्वे किया, और उन्हें बताया गया था कि मेहनताना जल्द मिलेगा। इसके बावजूद कई सर्वेयरों को पिछले खरीफ 2024 का भुगतान भी नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। ‘हमने पूरे दिन पैदल चल कर खेतों और झाडिय़ों में सर्वे किया। पहले बताया गया था कि भुगतान जल्द होगा, इसलिए हमने पूरी मेहनत की। अब महीना भर बीत गया है और पैसा नहीं मिला। रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। सर्वेयरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनका भुगतान तुरंत नहीं किया गया तो वे आने वाले खरीफ 2025 का सर्वे नहीं करेंगे। उनका कहना है कि इससे सरकारी योजनाओं और फसल संबंधित नीतियों पर गंभीर असर पड़ सकता है। वहीं भुगतान में देरी के कारण सर्वेयरों की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ गया है।
कई सर्वेयर अपने परिवार और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। स्थानीय किसान और नागरिक भी इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि यदि आने वाले समय में सर्वेयरों ने कार्य नहीं किया तो फसल योजनाओं और लाभ वितरण पर असर पड़ सकता है। हालांकि इस मामले में अब तक प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सर्वेयरों ने अपील की है कि उनकी मेहनत और समय का उचित मूल्य तुरंत दिया जाए, ताकि वे आने वाले फसल सर्वे में पूरी तत्परता और सक्रियता के साथ काम कर सकें।




















