
सुरजपुर। भटगांव थाना क्षेत्र के महान-1 बंद खदान के पोखरी में शुक्रवार को एक अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ मिला। शव कंबल में लिपटा हुआ था और रबर से बंधा हुआ था, जिससे हत्या की पूरी संभावना जताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब 4-5 दिन पहले हत्या कर शव फेंका गया होगा। पुलिस ने शव बरामद कर मामले को जांच में लिया है। सूरजपुर जिले के भटगांव महान-1 खदान के आस-पास रहने वाले लोगों ने शुक्रवार को खदान के पोखरी में कंबल में बंधा शव को तैरते देखा। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल एसईसीएल अधिकारी को दी। इसके बाद एसईसीएल के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शव एक युवती का है, जिसकी उम्र करीब 25-26 वर्ष है। मृतका के हाथों में गोदना बना हुआ है। पुलिस के अनुसार शव को कंबल में लपेटकर रबर से बांधा गया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हत्या हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। भटगांव पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।























