
रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में एक विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों के छात्रावास में शनिवार को चाकू से किए गए हमले में चार भारतीय छात्र समेत छह लोग घायल हो गए। मास्को स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार देर रात इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण हमला बताया। दूतावास ने बताया कि घायलों को उचित चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने और जानकारी प्राप्त करने के लिए रूसी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है। कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को सहायता प्रदान करने के लिए ऊफा भेजा गया है।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन भारतीय अधिकारियों ने दोहराया है कि विदेशों में छात्रों की सुरक्षा उनकी प्राथमिक चिंता है।
राजनयिक सूत्रों ने संकेत दिया कि दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और अपडेट देना जारी रखेगा। प्रारंभिक खबरों के अनुसार, चाकू से लैस एक किशोर बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के ऊफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया। उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया। आरटीवीआइ डॉट काम वेबपोर्टल ने गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से कहा, हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू मार दिया गया। संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया। छात्रों की पहचान या राष्ट्रीयता के बारे में नहीं बताया गया है।

























