
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी? इसका फैसला आज हो जाएगा। सुबह आठ बजे से दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होगी। उम्मीद है कि दोपहर बाद तक सभी 70 सीटों के नतीजे घोषित हो जाएंगे।
मुख्य मुकाबला, आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतगणना होगी। मतगणना केंद्रों के बारे सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। उधर, अधिकांश एग्जिट पोल ने चुनाव में भाजपा की आसान जीत की भविष्यवाणी की है। मगर असली नतीजे ही तय करेंगे कि आने वाले पांच साल दिल्ली में कौन राज करेगा? आम आदमी पार्टी ने सत्ता में वापसी का भरोसा जताया है। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर है। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी का मुकाबला भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा से है।

















