
नई दिल्ली। प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार के बावजूद बुधवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ”बहुत खराब” श्रेणी में बनी रही। शहर का 24 घंटे का एक्यूआइ 330 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर एप के आंकड़ों के अनुसार बुधवार शाम तक राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश हिस्सों में वायु गुणवत्ता खराब बनी रही। 29 निगरानी केंद्रों ने ”बहुत खराब” वायु गुणवत्ता दर्ज की, जबकि नौ केंद्र ”खराब” श्रेणी में रहे। नेहरू नगर में शाम को वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, एक्यूआइ 383 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार से 24 जनवरी तक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही रहने की संभावना है।
मौसम की बात करें तो, बुधवार को शहर में दर्ज किया गया अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था। हवा में नमी का स्तर 100 से 49 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा जताने की पूर्वानुमान है। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री जबकि अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार को मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में तेज हवाओं के बीच गरज के साथ वर्षा की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।























