
सक्ती। शहर में विसर्जन सामग्री के कारण कई प्रमुख तालाब प्रदूषित हो रहे हैं। नगर पालिका क्षेत्र शक्ति के तालाबों के घाटों पर पूजा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बाद बची सामग्री बड़ी मात्रा में फेंकी जा रही है, जिससे तालाबों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल और प्रशासन से मांग की गई है कि शहर में आस्था विसर्जन सामग्री कुंड का निर्माण कराया जाए, जहां लोग घरों और पूजा स्थलों से निकलने वाली धार्मिक सामग्री डाल सकें।
इसके बाद नगर पालिका प्रशासन समय-समय पर सामग्री एकत्र कर उचित स्थान पर निपटान कर सकेगा। इससे तालाबों में सामग्री फेंके जाने की समस्या काफी हद तक कम होगी। इस दिशा में हनुमान सेवा परिवार ने पहले पहल की थी। संस्था ने घरघर जाकर धार्मिक सामग्री एकत्र करने का अभियान चलाया था। समिति के सदस्य प्रतिदिन रिक्शा से मोहल्लों में जाकर मुनादी करते थे और पूजा सामग्री एकत्र करते थे।
बाद में इन सामग्रियों से खाद बनाई जाती थी, जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं होता था। हालांकि यह व्यवस्था लंबे समय तक नहीं चल सकी। समिति के अनुसार अभियान में प्रतिदिन 500 से 700 रुपए खर्च आता था और शहरवासियों का सहयोग भी अपेक्षित नहीं मिल रहा था। आर्थिक और सामाजिक सहयोग के अभाव में यह व्यवस्था बंद करनी पड़ी। अब हनुमान सेवा परिवार ने नगर पालिका परिषद शक्ति से अनुरोध किया है कि समिति को एक बैटरी संचालित ई-रिक्शा और एक सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराएं।
















