
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रिवाडीह और अमलीडीह गांव की महिलाएं अवैध शराब बिक्री के विरोध में एसपी कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने एसपी अंकिता शर्मा को बताया कि गांव में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महिलाओं ने कहा कि शराब के नशे में लोग महिलाओं और बच्चियों से दुव्र्यवहार करते हैं। इससे ग्रामीण महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत की गई। लेकिन अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पाया है।
शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन
एसपी अंकिता शर्मा ने महिलाओं की समस्याओं को सुना। उन्होंने अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी ने कहा कि गांव में शांति और सुरक्षा बहाल करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी। एसपी ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने गांवों में अभियान चलाकर अवैध शराब बिक्री रोकने की कार्रवाई करने को कहा।























