
बठिंडा। गिरफ्तार किए गए किसानों की रिहाई की मांग को लेकर बठिंडा में आज, बुधवार, माहौल गरमाया हुआ है। किसानों ने डीसी दफ्तर का घेराव करने का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बठिंडा, बरनाला और आसपास के इलाकों में जगह-जगह नाके लगाए गए हैं। सूचना है कि किसानों को रोकने के लिए नेताओं के घरों पर छापेमारी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, किसान पूरे पंजाब से बठिंडा पहुंच रहे हैं। विभिन्न किसान संगठनों के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि जब तक उनके साथियों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले के सभी प्रमुख बॉर्डरों पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि बाहर से आने वाले किसानों पर नजर रखी जा सके। शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर चेकिंग की जा रही है।किसानों ने आरोप लगाया है कि उन्हें डीसी दफ्तर तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस उनके घरों में भी छापेमारी कर रही है। कई किसानों का दावा है कि रात के समय पुलिस ने उनके घरों पर दबिश दी और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एहतियात के तौर पर की जा रही है। 6 फरवरी को भी किसानों ने डीसी दफ्तर के घेराव का ऐलान किया था। उस समय रामपुर के पास किसानों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी।















