
जांजगीर-चांपा। राज्य सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना में किए गए नए प्रावधान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता 7 अगस्त को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे। शाम 5 बजे विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव कर पुतला दहन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस वार्ता कर प्रदर्शन के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ सरकार पर कई आरोप भी लगाए गए। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश पैगवार ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनताके हित को देखते हुए पूर्व में कांग्रेस सरकार ने बिजली बिल हाफ का लाभ दिलाया। सभी वर्ग को 400 यूनिट की खपत पर बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलता था, लेकिन प्रदेश में बीजेपी सरकार आते ही लगातार बिजली बिल मे बढ़ोतरी की जा रही है। अब नए प्रावधान में 100 यूनिट तक हाफ कहा जा रहा है। इस क्राइटेरिया में एकल बत्ती कनेक्शन वाले भी लाभ नहीं ले पाएंगे। श्री पैगवार ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने विषम परिस्थितियों में भी 5 साल तक बिजली उपभोक्ताओं को राहत दी। योजना का लाभ प्रदेश के 44 लाख उपभोक्ताओं को मिलता था। तब 400 यूनिट तक की खपत पर बिजली बिल आधा हो जाता था, और बाकी यूनिट का ही पूरा बिल देना पड़ता था। अब वर्तमान निर्देश के अनुसार 100 यूनिट से अधिक खपत होने पर बिजली बिल पूरा लगेगा और 100 यूनिट की छूट भी नहीं मिलेगी। कांग्रेसियो ने राज्य सरकार से पुराने नियम से बिजली बिल हाफ योजना संचालित करने की मांग की है। कांग्रेस ने प्रदेश भर मे चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी कर ली है। सरकार के नए प्रावधान के विरोध 7 अगस्त को शाम 5 बजे जिला मुख्यालय के विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव कर पुतला दहन किया जाएगा।




















